
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
25 जुलाई 2023

हिमाचल प्रदेश में बिजली उत्पादन करने वाली परियोजनाओं पर वाटर सेस लगाने के लिए गठित किए गए आयोग के अध्यक्ष सहित चार सदस्यों की नियुक्तियों संबंधी अधिसूचना जारी हो गई है। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की अध्यक्षता में गठित सर्च कमेटी की सिफारिशों के आधार पर जल शक्ति विभाग के सचिव अमिताभ अवस्थी वाटर सेस आयोग के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। वह 31 जुलाई को सेवानिवृति के बाद इस पद का कार्यभार संभालेंगे। आयोग में एचएम धूरेटा, अरूण शर्मा व जोगिंद्र सिंह सदस्य नियुक्त किए गए हैं। आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों का सेवाकाल तीन वर्ष या 65 वर्ष की आयु के लिए होगा। इस संबंध में जल शक्ति विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
इतना मिलेगा वेतन
वाटर सेस आयोग जल उपकर से संबंधित तमाम अपीलों की सुनवाई करेगा। आयोग हिमाचल प्रदेश जल विद्युत उत्पादन पर जल उपकर अधिनियम -2023 के अनुसार काम करेगा। राज्य सरकार ने पहले ही हिमाचल प्रदेश जलविद्युत उत्पादन पर जल उपकर राज्य आयोग अध्यक्ष और सदस्यों का वेतन, भत्ते और सेवा की अन्य शर्तें नियम -2023 अधिसूचित कर दिए हैं। आयोग के अध्यक्ष और सदस्य अपना कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





