अमित शाह से मुलाकात के बाद दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष का बड़ा आरोप, जानिए…

नई दिल्ली : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 में आई आपदा के लिए हिमाचल को केंद्र सरकार से 5150 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है, लेकिन हिमाचल सरकार ने केंद्र द्वारा दिया गया पैसा आपदा के पात्र व्यक्तियों तक नहीं पहुंचाया है। प्रभावितों के साथ किसी भी तरीके का भेदभाव नहीं होना चाहिए। इससे पहले जयराम ठाकुर आपदा राहत के लिए दिल्ली पहुंचकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधि मंडल के साथ केंद्रीय मंत्रियों से मिले और प्रदेश को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता देने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, मनोहर लाल खट्टर और सीआर पाटिल से मुलाकात की।

उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से आग्रह किया कि वह आपदाग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा ले। दिल्ली प्रवास के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस आपदा में हिमाचल सरकार को जिस तरीके से राहत, बचाव और पुनर्निर्माण के कार्यों को करना चाहिए था, वह नहीं किया गया। पत्रकारों द्वारा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य के विदेश दौरे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आपदा के दौर में लोक निर्माण मंत्री का हिमाचल में होना ज्यादा जरूरी था।

सरकाघाट हादसे पर नेता प्रतिपक्ष ने जताया दुख

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकाघाट के मसेरन में हुए बस हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही जयराम ठाकुर ने मंडी के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एवं समाजसेवी डा. राजेंद्र कुमार राजू के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए उनकी मृत्यु को अपूर्णीय क्षति बताया और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

Share the news