आपात स्थिति में नागरिकों की रक्षा को आगे आए पैरामिलिट्री के पूर्व जवान

ऊना जिला पूर्व पैरामिलिट्री संगठन के पदाधिकारी वीरवार को जिला मुख्यालय के मिनी सचिवालय पहुंचे और जिला प्रशासन को आपदा की स्थिति में हर प्रकार की मदद का भरोसा दिलाया। देश की पैरामिलिट्री फोर्सेस में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए इन पूर्व सुरक्षा कर्मचारियों ने संगठन के जिलाध्यक्ष जोगिंदर सिंह बिंद्रा और मुख्य संरक्षक सुरेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में मिनी सचिवालय पहुंचकर पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस मौके पर जोगिंद्र सिंह बिंद्रा ने कहा कि जिन आपात परिस्थितियों से देश गुजर रहा है, ऐसे समय में देश के नागरिकों को सुरक्षा के लिहाज से जागरूक करने की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संगठन जिला प्रशासन को लिखित वचन के रूप में हर परिस्थिति में आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा संभालने का भरोसा दे रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पैरामिलिट्री फोर्सेस के पूर्व सुरक्षा कर्मचारी सदैव सरकार, प्रशासन और जिला के नागरिकों के साथ होंगे।
संगठन के मुख्य संरक्षक सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि इन परिस्थितियों में बेहद आवश्यक है कि जिला के आम नागरिकों से लेकर स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को भी आपदा प्रबंधन के महत्वपूर्ण गुर सिखाए जाएं। युद्ध जैसी परिस्थितियों में गोलीबारी से बचाव, बम फटने पर राहत और बचाव कार्य या इसी प्रकार के कई ऐसे और भी हादसे हो सकते हैं। जिनमें न केवल पैरामिलिट्री फोर्सेस के पूर्व सुरक्षा कर्मचारी अपितु आम नागरिक भी राहत और बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन अनुमति देगा तो पैरामिलिट्री फोर्सेस के यह पूर्ण सुरक्षा कर्मचारी स्कूल और कॉलेज जाकर भी बच्चों को राहत और बचाव की महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर सकते हैं।

Share the news