# आयोग भंग होने से लटकी कई विभागों की भर्तियां |

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

3 मार्च 2023

हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के भंग होने के चलते विभिन्न विभागों में होने वाली नियुक्तियां भी लटक गई हैं। कर्मचारी चयन आयोग के पास लगभग 110 से 115 पोस्ट कोड में विभिन्न विभागों में पदों को भरने की प्रक्रिया होनी है, जिसके लिए अब सरकार के अगले आदेशों का इंतजार है।

वर्तमान में प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कई पोस्टकोड की परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही थी, जिस पर अब विराम लग गया है। इसके अलावा कर्मचारी चयन आयोग के पास 80 से 90 विभिन्न पोस्ट कोड के लिए युवाओं ने आवेदन भी कर रखा है।

कर्मचारी चयन आयोग के ओएसडी एवं एडीसी जितेंद्र सांजटा ने बताया कि आयोग में भर्ती प्रक्रिया विभिन्न चरणों में चल रही थी, जिसके तहत पहले वर्ग में कई पोस्टकोड के परिणाम घोषित हो गए थे, उनका मूल्यांकन चल रहा था। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में लगभग 40 से 50 पोस्टकोड शामिल हैं, जिन पर अब विजिलेंस की रिपोर्ट आने के बाद ही फैसला लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चयन आयोग द्वारा लगभग 80 से 90 पोस्ट कोड के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन भी मांगे गए थे और इनमे से कई पोस्टकोड के रोल नंबर भी अभ्यार्थियों को भेज दिए गए थे, जिनकी परीक्षाओं की तिथियों पर फैसला लेना बाकी है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा रिक्त पड़े पदों के लिए चयन आयोग को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए आवेदन किया गया था। उन्होंने बताया कि अब इन सब मुद्दों पर प्रदेश सरकार के आगामी निर्देशों का इंतजार रहेगा।

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news