इटरनल यूनिवर्सिटी बड़ू साहिब में मेस भोजन पर बवाल, कीड़े मिलने के आरोप पर छात्राओं का विरोध, बढ़ा विवाद

इटरनल यूनिवर्सिटी बड़ू साहिब में मेस भोजन पर बवाल, कीड़े मिलने के आरोप पर छात्राओं का विरोध, बढ़ा विवाद
खबर अभी अभी ब्यूरो
सोलन,राजगढ़
इटरनल यूनिवर्सिटी के छात्रावास की मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बड़ू साहिब स्थित इस विश्वविद्यालय में भोजन में कीड़े मिलने के आरोप के बाद छात्राओं में भारी आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार वीरवार शाम छात्रावास मेस में परोसे गए भोजन में कीड़े दिखाई देने की बात सामने आई। जैसे ही यह खबर छात्राओं के बीच फैली, छात्रावास में नाराजगी का माहौल बन गया।

शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में छात्राएं मेस के बाहर एकत्रित हो गईं और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित छात्राओं ने मेस को बंद कर दिया और प्रशासन से जवाब मांगा।

छात्राओं का कहना है कि मेस में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से लापरवाही बरती जा रही है। उनका आरोप है कि मेस में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की ठीक प्रकार से जांच नहीं की जाती और साफ-सफाई के मानकों का भी पूरा ध्यान नहीं रखा जाता। छात्राओं के अनुसार इसी लापरवाही के कारण भोजन में कीड़े मिलने जैसी गंभीर स्थिति सामने आई है।

घटना के बाद मामला और गर्मा गया और इससे जुड़े कई वीडियो व तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें भोजन में कीड़े दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। यह विश्वविद्यालय कलगीधर ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जाता है और इसे उत्तर भारत की प्रमुख गर्ल्स यूनिवर्सिटी में गिना जाता है, जहां हिमाचल प्रदेश सहित देश के कई राज्यों से छात्राएं पढ़ाई के लिए आती हैं।

वहीं विश्वविद्यालय के पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर व डायरेक्टर प्लेसमेंट बलराज सिंह ने जारी बयान में कहा कि वीरवार शाम एक छात्रा के रात्रि भोजन के दौरान उसकी थाली में एक पतंगा (मॉथ) गिर गया था। जैसे ही यह मामला सामने आया, इसे तुरंत मेस प्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के संज्ञान में लाया गया।

उन्होंने बताया कि उसी रात तत्काल कार्रवाई की गई और संबंधित छात्रा की मौजूदगी में मामले का समाधान किया गया। इसके बाद शुक्रवार को एक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संबंधित छात्रा, मेस इंचार्ज, विश्वविद्यालय के डीन और निदेशक मौजूद रहे। बैठक में छात्राओं की चिंताओं को ध्यानपूर्वक सुना गया और उन्हें आवश्यक स्पष्टीकरण व आश्वासन दिया गया।
Share the news