उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर हादसा: छह यात्रियों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गंगनानी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक निजी हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से हेलिकॉप्टर में सवार सात में से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य में पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर एरो ट्रिंक नामक निजी कंपनी का था, जिसमें पांच महिलाएं, दो पुरुष और एक पायलट सवार थे। मृतकों में दो यात्री आंध्र प्रदेश से और चार महाराष्ट्र से थे। हादसे का कारण शुरुआती तौर पर खराब मौसम और तकनीकी खराबी को माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में चारधाम यात्रा चरम पर है और हजारों श्रद्धालु केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन को आ रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलिकॉप्टर सेवाओं का भी व्यापक रूप से उपयोग हो रहा है।

मौसम विभाग पहले ही उत्तरकाशी सहित कई जिलों के लिए बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी कर चुका था। प्रशासन का मानना है कि खराब मौसम इस दुर्घटना का एक प्रमुख कारण हो सकता है।

गौरतलब है कि इससे पहले 5 मई को भी बदरीनाथ धाम के पास एक हेलिकॉप्टर को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी, हालांकि उसमें कोई जनहानि नहीं हुई थी।

गुरुवार की इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

Share the news