
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 मार्च 2023
हमीरपुर उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रोपवे बनाने की योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। तीन वर्ष पूर्व बुनियादी ढांचा विकास निगम की ओर से पर्यटन की दृष्टि से दियोटसिद्ध क्षेत्र को विकसित करने के लिए सर्वे किया गया था लेकिन अभी तक रोपवे बनाने का कार्य केवल फाइलों में घूम रहा है।
स्थानीय लोगों राजेश कुमार, सुरेंद्र राणा, करण सिंह और दिनेश ठाकुर आदि ने कहा कि विधानसभा चुनावों और चैत्र मेलों के दौरान बाबा बालक नाथ मंदिर में रोपवे बनाने की चर्चा होती है। कई बार बाबा बालक नाथ की नगरी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की घोषणाएं हो चुकी हैं लेकिन अभी तक इस योजना को धरातल पर लागू नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व एसडीएम बड़सर शशि पाल शर्मा और अन्य विभाग के अधिकारियों ने रोपवे बनाने के लिए दियोटसिद्ध में सामूहिक निरीक्षण किया था।
शाहतलाई से दियोटसिद्ध स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह तक रोपवे बनाने की योजना है क्योंकि चैत्र मेलों के दौरान शाहतलाई में पूजा के बाद पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। पूर्व में भी सरकार ने प्रदेश में कई जगह रज्जू मार्ग बनाने के लिए जो सूची जारी की थी, उसमें दियोटसिद्ध का नाम शामिल नहीं था। अगर यहां पर रोपवे बनता है तो जहां श्रद्धालुओं को आने-जाने में सुविधा प्राप्त होगी। वहीं, दियोटसिद्ध क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित हो पाएगा। इस बारे में एसडीएम बड़सर शशि पाल शर्मा ने बताया कि सभी विभाग के अधिकारियों के साथ दियोटसिद्ध में निरीक्षण किया गया है। रोपवे बनाने से पहले इसका प्रस्ताव तैयार किया जाएगा और सरकार को प्रेषित किया जाएगा ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं को यहां पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





