ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में सीसीयू का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कवायद हुई तेज

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

22 मई 2023

ऊना में क्षेत्रीय अस्पताल में सीसीयू (क्रिटिकल केयर यूनिट) का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कवायद तेज हो गई है। केंद्र से बजट की मंजूरी के बाद करीब 1,500 वर्ग मीटर भूमि पर आधुनिक अस्पताल स्थापित किया जाएगा। क्रिटिकल केयर यूनिट बनने से गेस्ट्रो, नेफरो और यूरोलॉजी सहित अन्य गंभीर रोगों से ग्रस्त मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार और सर्जरी की सुविधा उपलब्ध मिल सके

यूनिट में आईसीयू का निर्माण किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी की व्यवस्था होगी। इससे जिले के मरीजों को उपचार के लिए बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यूनिट का निर्माण अमेरिका की एक कंपनी के सहयोग से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत किया जाएगा। इसके अलावा इन रोगों से संबंधित एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) और ऑपरेशन थियेटर का निर्माण भी होगा। यूनिट के स्थापित होने के बाद गंभीर रोगों का उपचार भी सरकारी अस्पताल में हो सकेगा।

वर्तमान में गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज व पीजीआई चंडीगढ़ भेजा जाता है। इसके अलावा किसी हादसे में घायल होने वाले मरीज को प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई के लिए रेफर किया जाता है। ऐसे में मरीज कई बार रास्ते में ही दम तोड़ देता है। इस समस्या को दूर करने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में ही सीसीयू यूनिट जल्द ही स्थापित होने जा रही है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news