
कुल्लू
प्रिया शर्मा,
कुल्लू—मनाली फोरलेन पर रायसन टोल प्लाजा के पास हाल ही में बनी सड़क की हालत ने निर्माण कार्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज तीन महीने पहले तैयार की गई टायरिंग एक ही बारिश में बह गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अभी यह स्थिति है तो बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो सकते हैं। सड़क इतनी कमजोर साबित हुई कि पैरापट का वजन तक नहीं सह पाई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आपदा के समय यह सड़क कैसे सहारा बनेगी।
लोगों ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर निर्माण कार्य गुणवत्ता के बजाय केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य की जांच की जाए और मजबूत व टिकाऊ तरीके से दोबारा काम कराया जाए।





