
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
16 जुलाई 2024
हिमाचल पथ परिवहन निगम में अनुबंध कार्यकाल पूरा कर चुके 1144 कर्मचारियों में से 1109 कर्मचारियों को सरकार ने नियमित कर दिया है। वहीं 35 कर्मचारियों को उपयुक्त न पाए जाने पर अभी नियमित नहीं किया है। निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार की अधिसूचना के अनुसरण में निगम में विभिन्न श्रेणियों के 1144 कर्मचारियों ने 31-03-2024 को दो वर्ष का अनुबंध कार्यकाल पूरा कर लिया है और वे नियमितीकरण के लिए पात्र हैं।
नियमितीकरण के लिए उनके मामलों पर शुरूआत में मंडलीय स्तर पर विचार किया गया और उसके बाद मुख्यालय स्तर पर विचार किया गया जिनमें 6 कार्य प्रबंधक, 1 अधीक्षक (भंडार), 15 कनिष्ठ कार्यालय सहायक, 12 चालक, 474 परिचालक, 536 कनिष्ठ तकनीशियन, 86 कर्मशाला सहायक और 14 अन्य कर्मचारी उपयुक्त पाए गए। उन्होंने बताया कि ये 1109 कर्मी नियमितीकरण के लिए उपयुक्त पाए गए, जिन्हें नियमित किया गया है।





