
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
6 जून 2023
हिमाचल प्रदेश की छठी स्वतंत्र एनसीसी वाहिनी द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के 4 जिलों से 500 से ज्यादा नेशनल कैडेट कोर के कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। एनसीसी की छठी स्वतंत्र वाहिनी के कमान अधिकारी कर्नल राजेंद्र कुमार सैनी की अगुवाई में चल रहे इस कैंप में युवा खूब दिलचस्पी से अभ्यास कर रहे हैं। कैंप में प्रतिभागिता कर रही कैडेट्स ने कहा कि एनसीसी से भारतीय सेना में जाने का मार्ग प्रशस्त होता है। सैन्य सेवाओं की आधी से ज्यादा तैयारी आपको एनसीसी में सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ते हुए स्वत: ही मिल जाती है। प्रतिभागियों ने कहा कि एनसीसी द्वारा फायरिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है हालांकि यह न केवल सैन्य सेवाओं में आपको काम आता है अपितु आपातकाल में अपनी और अन्य की सुरक्षा में भी काफी अहम भूमिका निभा सकता है। वहीं कैडेट्स का कहना है कि एनसीसी से अनुशासन की सीख मिलती है और इस अनुशासन को आप छात्र जीवन से लेकर घरेलू जीवन तक अपना कर स्वयं को संवार सकते हैं।
छठी स्वतंत्र एनसीसी वाहिनी के कमान अधिकारी राजेंद्र कुमार सैनी का कहना है कि युवाओं को एनसीसी के माध्यम से न केवल अनुशासन की सीख दी जाती है अपितु उन्हें देश के जिम्मेदार नागरिक बनाने का काम भी यहीं से शुरू होता है। स्कूली और कॉलेज की शिक्षा के दौरान यदि एनसीसी में छात्र-छात्राएं हिस्सा लेते हैं तो उन्हें न केवल भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त होता है अपितु उन्हें देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा के दृष्टिगत अहम जानकारियां मिलती हैं। एनसीसी ही यह बच्चों को सिखाती है कि हमारा देश और देश की सुरक्षा हमारे लिए कितना अहम है। उन्होंने कहा कि 500 से ज्यादा कैडेट्स इस शिविर में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। जिन्हें न केवल शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है अपितु उन्हें प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा एनसीसी की शैक्षणिक गतिविधियों से भी पारंगत किया जा रहा है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





