
#एसआईयू टीम ने सतौन पुल के समीप एक पजेरो गाड़ी से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की | इस दौरान पुलिस ने गाड़ी की डिक्की से 696 बोतलें बरामद कीं | *

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
18 अक्टूबर 2022
सतौन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। विधानसभा चुनाव का ऐलान होते ही पुलिस ने और अधिक चौकसी बढ़ा दी है। लिहाजा, जगह-जगह नाकाबंदी की जा रही है। इसी कड़ी में पुरुवाला पुलिस थाना के अंतर्गत जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा (एसआईयू) टीम को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। एसआईयू टीम ने सतौन पुल के समीप एक पजेरो गाड़ी से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने गाड़ी की डिक्की से कुल 696 बोतलें बरामद कीं। इस कार्रवाई को रविवार देर रात 11:00 बजे अंजाम दिया गया।
दरअसल, एसआईयू टीम ने सतौन पुलिस के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी बीच पजेरो गाड़ी नंबर (एचआर36एफ-0070) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने गाड़ी की डिक्की में रखी गई अंग्रेजी शराब की 180 बोतलें, 240 बोतलें देसी शराब व 276 बोतलें बीयर बरामद हुई। इस पर गाड़ी में सवार राहुल निवासी गांव छोली तहसील बिलासपुर जिला यमुनानगर हरियाणा व चालक के साथ बैठा दूसरा व्यक्ति रविंद्र कुमार निवासी गांव सादीपुर, तहसील जगाधरी, जिला यमुनानगर हरियाणा कोई भी दस्तावेज उक्त शराब को लेकर पेश नहीं कर पाए।
मामले की पुष्टि जिला पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने की। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुरुवाला पुलिस थाना में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही हैं।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





