एसएमसी शिक्षकों की उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी सरकार : सुक्खू

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

13 मार्च 2023

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एसएमसी शिक्षकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनकी उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। एसएमसी शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने संगीता राजपूत की अध्यक्षता में रविवार को ओक ओवर शिमला में मुख्यमंत्री से भेंट की और उन्हें अपनी विभिन्न मांगों से अवगत करवाया।

इन शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से इसी बजट में उनकी समस्याओं का निराकरण करने की मांग की। बताया कि उनकी नियुक्तियां 11 साल पहले शुरू हो गई थीं। वे उस वक्त से शोषित हो रहे हैं। एमएमसी के तहत लगे सभी 2,555 शिक्षक एनसीटीई और आरटीई के नियमों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता की पात्रता को पूरा करते हैं। इनकी नियुक्तियां भी एसडीएम की अध्यक्षता वाली कमेटियों ने की हैं, जिसके लिए आरएंडपी नियमों की पूरी तरह से अनुपालना की गई है।पीटीए शिक्षकों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को जहां सात साल बाद शुरू किया गया था, वहीं एसएमसी शिक्षकों के लिए इसे नियुक्ति के 10 से 11 साल बीत जाने पर भी शुरू नहीं किया जा सका है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले अपने घोषणापत्र यानी प्रतिज्ञा पत्र में भी इस घोषणा को शामिल किया है कि सत्ता में आने पर एसएमसी शिक्षकों को नियमित किया जाएगा। इन शिक्षकों ने कहा कि अब सरकार का वादा पूरा करने का समय आ चुका है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news