

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 नवंबर 2022
अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों को मंच पर अब फर्जी रिव्यू का जमाना खत्म होने वाला है। इन कंपनियों को ‘भुगतान के बदले’ की जाने वाले समीक्षाओं का अब खुद से खुलासा करना होगा। सरकार दरअसल ई-कॉमर्स मंचों पर फर्जी समीक्षाओं को रोकने के लिए नए नियम लेकर आई है। यह नियम इसी हफ्ते से प्रभावी हो रहा है।
कुछ रिव्यू पर लगी रोक
सरकार ने ई-कामर्स प्लेटफार्म पर ऐसी समीक्षाओं को जारी करने पर रोक लगा दी है। ये ऐसी समीक्षा हैं जो किसी तीसरे पक्ष द्वारा खरीदी जाती हैं या जिन्हें आपूर्तिकर्ता द्वारा इसी उद्देश्य के लिए रखा गया है।
एक अलग बीआईएस मानक बना
केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने ऑनलाइन उपभोक्ता समीक्षाओं के लिए एक नया मानक ‘आईएस 19000:2022’ तैयार किया है। सरकार का कहना है कि स्टेकहोल्डर्स से व्यापक परामर्श के बाद इसे तैयार किया गया है। यह आगामी 25 नवंबर से प्रभावी होंगे। अभी बीआईएस मानक स्वैच्छिक होंगे लेकिन ऑनलाइन मंचों पर फर्जी समीक्षाओं का सिलसिला जारी रहने की स्थिति में सरकार उन्हें अनिवार्य बनाने पर विचार करेगी।
किन कंपनियों पर लागू होंगे ये माकन
रोहित सिंह ने बताया कि नया मानक ‘आईएस 19000:2022’ हर उस कंपनी पर लागू होंगे जो उपभोक्ता समीक्षाओं को ऑनलाइन प्रकाशित करते हैं या दर्शाते हैं। इसमें उत्पादों और सेवाओं के आपूर्तिकर्ता शामिल हैं जो अपने स्वयं के ग्राहकों से समीक्षा जुटाते हैं। सिंह ने कहा कि बीआईएस अगले 15 दिन के भीतर यह जांचने के लिए प्रमाणन प्रक्रिया पेश करेगा कि कंपनी इन मानकों का अनुपालन कर रही है या नहीं। ई-कॉमर्स कंपनियां इस मानक के प्रमाणन के लिए बीएसआई में आवेदन कर सकती हैं।





