
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
7 अगस्त 2024

मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश दर्ज की गई है। करसोग उपमंडल में भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। कई मार्गों पर आवाजाही ठप है। खराब मौसम के कारण विभिन्न स्थानों पर उत्पन्न स्थितियों और बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत उपमंडल के सभी सरकारी और गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में आज एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
वहीं समेज में लापता 33 लोगों को खोजने के लिए जारी सर्च अभियान में बारिश बाधा बन गई है। भारी बारिश के कारण यहां बचाव दल फंसा हुआ है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मंगलवार रात को पांवटा साहिब में 116.6, धौलाकुआं 76.5, करसोग 64.2, नाहन 56.1, नारकंडा 44.5, कटौला 44.3, घमरूर 42.8, शिमला 27.8, सोलन 19.0, मंडी 16.2 व चंबा में 14.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।





