#ओल्ड करप्शन स्कीम की गारंटी दे सकती है कांग्रेस*

Himachal Pradesh Election 2022 Live: Assembly Election Date, Vidhan Sabha Chunav Nominations, Opinion Poll

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

 3 नवंबर 2022

8000 पेटी शराब जब्त

राज्य आबकारी एवं कराधान विभाग के आयुक्त यूनुस खान ने बताया कि पांवटा साहिब में 55 हजार लीटर कच्ची शराब (लाहण) जब्त की गई है। वहीं प्रदेश में आबकारी विभाग की टीमों ने 8000 पेटी शराब (96 हजार बोतल) जब्त की है। हमीरपुर में 2830, नूरपुर में 2205, कांगड़ा में 1900, मंडी में 227, सोलन में 122 और कुल्लू में 533 पेटी शराब जब्त की गई है।

मां-बेटा जमानत पर

संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी नहीं आए। वह उन्हें ललकारते हैं कि वह भी क्यों नहीं आ रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता हिमाचल आ रहे हैं। प्रधानमंत्री से लेकर भाजपा के साधारण कार्यकर्ता भी हिमाचल में हैं। वे यहां पर अपना स्नेह बरसाने आए हैं। हिमाचल में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनने वाली है। पीएम नरेंद्र मोदी का हिमाचल से विशेष लगाव हमेशा से रहा है और सीएम जयराम ठाकुर ने जो कार्य किए हैं, उनका नतीजा है कि आज भाजपा की जीत हो रही है। शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट को ज़ारी करेंगे। संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के पास नीति नहीं हैं, नेता नहीं हैं। कांग्रेस एटीएम की पार्टी है। ये चाहते हैं किसी तरह से सरकार बने। एटीएम से किसी तरह से पैसा निकालो और दिल्ली कांग्रेस को भेजो। पहले स्कूटर पर कैसे गए, सबको मालूम है। यहां पर भी और दिल्ली में भी मां-बेटा जमानत पर हैं।

डेस्टिनेशन हॉलीडे के लिए आई हैं सोनिया गांधी

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस ओल्ड करप्शन स्कीम की गारंटी दे सकती है। ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) की गारंटी को तो खुद आनंद शर्मा भी खारिज कर रहे हैं। आनंद शर्मा खुद कह रहे हैं कि पैसे कहां से आएंगे। गारंटी कैसे दे रहे हैं। राहुल गांधी यात्रा कर रहे हैं, क्या वह हिमाचल भी आएंगे। अगर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल नहीं आएंगे तो वह हिमाचल की उपेक्षा कर रहे हैं। अगर वह हिमाचल आने को समय की बर्बादी बता रहे हैं तो वह हिमाचल के स्वाभिमान पर चोट कर रहे हैं। इसी तरह यह भी हो सकता है कि हिमाचल प्रदेश के नेताओं ने मना किया है। यह सुना है कि सोनिया गांधी भी हिमाचल आई हैं। वह हिमाचल को डेस्टिनेशन हॉलीडे के रूप में देख रहे हैं। ईश्वर उन्हें स्वास्थ्य लाभ दे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शेयर कीं तस्वीरें

हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया पर पोलिंग पार्टियों की बर्फीले और दुर्गम रास्तों से होकर गुजरते हुए तस्वीरें शेयर की हैं। ये पोलिंग पार्टियां 80 वर्ष आयु वर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के घरों में पहुंच रही हैं ताकि वे पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकें।

आज रक्षा मंत्री अर्की विस क्षेत्र में

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज अर्की के ऐतिहासिक चौगान मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा चुनाव प्रभारी राजेंद्र व्यास ने बताया कि शालाघाट के मैदान में राजनाथ सिंह का हेलिकॉप्टर लैंड करेगा, उसके बाद अर्की के चौगान में जनसभा को संबोधित करेंगे।

पांच नवंबर को घोषणापत्र जारी करेगी कांग्रेस

उधर, कांग्रेस 5 नवंबर को घोषणापत्र जारी करेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस के नेता घोषणापत्र जारी करेंगे। घोषणापत्र में कांग्रेस ओपीएस को लेकर कर्मियों के अलावा किसानों, बागवानों, महिलाओं और युवाओं को साधेगी। दस गारंटियों को फिर दोहराया जाएगा।

संबित पात्रा बोले- ओल्ड करप्शन स्कीम की गारंटी दे सकती है कांग्रेस

हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा। 8 दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे। चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी का चुनाव घोषणापत्र चार नवंबर को जारी होगा। इसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दोपहर बाद ढाई बजे पीटरहॉफ शिमला में लांच करेंगे। घोषणापत्र में ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) को लेना है कि नहीं, इस बारे में असमंजस है। भाजपा इसे लागू करेगी कि नहीं, इस पर भी संशय बना है। भाजपा कर्मियों, किसानों-बागवानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों समेत तमाम वर्गों को घोषणापत्र में शामिल करने का प्रयास कर रही है।

Share the news