कमरों की तंगी में चल रहे प्री प्राइमरी स्कूलों के लिए अलग से तैयार करवाए जाएंगे कमरे

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

7 जुलाई 2023

कमरों की तंगी में चल रहे प्री प्राइमरी स्कूलों के लिए अलग से कमरे तैयार कराए जाएंगे। इसके लिए सभी शिक्षा खंडों से ऐसे स्कूलों की सूची मांगी गई है, जहां पर प्री प्राइमरी कक्षाएं शुरू हो गई है और बच्चों की खेलकूद सामग्री समेत कक्षाओं के लिए कमरा छोटा है। खंड प्रभारियों को इसकी सूचना परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा सोलन को देनी होगी। इसके बाद कमरे तैयार करने के लिए इसका प्रस्ताव निदेशालय भेजा जाएगा

जानकारी के अनुसार समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्री प्राइमरी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सोलन में 371 स्कूलों में प्री प्राइमरी कक्षाएं चल रही हैं। इन स्कूलों को स्मार्ट बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। प्री प्राइमरी स्कूलों में बच्चों को खेल-खेल से भी शिक्षा ज्ञान दिया जा रहा है। लेकिन जिले के कई स्कूल ऐसे हैं, जहां पर कमरों का अभाव है, जबकि कुछ स्कूलों के कमरे बहुत छोटे हैं। इस कारण इन कमरों में छोटे बच्चों के लिए लगने वाला फर्नीचर समेत अन्य खेलकूद सामग्री भी नहीं रख पा रहे हैं। अब ऐसे स्कूलों के लिए नए कमरे बनाए जाएंगे। इसके लिए स्कूलों की सूची मांगी गई है।

डाइट सोलन के प्रिंसिपल एवं समग्र शिक्षा के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता समेत स्कूल भवनों का भी विकास होगा। सभी शिक्षा खंडों से कमरों की सूची मांगी गई है। जहां पर कमरों का अभाव होगा उसका प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। जिले के चयनित 29 प्री प्राइमरी स्कूलों के लिए भी हाल में बजट जारी हुआ है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news