कांगड़ा हवाई अड्डा विस्तारीकरण को लेकर14 गांवों का आज से सामाजिक सर्वे शुरु

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

4 मार्च 2023

कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर प्रदेश सरकार ने कवायद तेज कर दी है। प्रदेश सरकार कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर अधिग्रहण के लिए प्रस्तावित भूमि पर बसे 1200 परिवारों का शनिवार से सामाजिक असर का सर्वे शुरू करेगी। सामाजिक असर का सर्वे शुरू करने से पहले प्रदेश सरकार ने अधिग्रहण के लिए प्रस्तावित सरकारी और निजी जमीन की खसरा नंबर समेत अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना के मुताबिक कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए 14 गांवों से 1200 परिवारों की जमीन अधिग्रहण के लिए प्रस्तावित की है। अधिसूचना में सरकार ने 1200 परिवारों की जमीन का ब्योरा भी दे दिया है, जिससे लोग जान सकें कि उनकी कितनी भूमि अधिग्रहण में जा सकती है। अधिग्रहण के लिए सरकार ने 14 गांवों की सरकारी और निजी करीब 147 हेक्टेयर (करीब 3847 कनाल) जमीन चयनित की है। इसमें 123 हेक्टेयर निजी और सरकारी 24 हेक्टेयर सरकारी भूमि चयनित है।

हिमाचल सरकार ने एयरपोर्ट विस्तारीकरण का गांवों में सामाजिक प्रभाव का क्या असर पड़ेगा, इसका आकलन करने का जिम्मा हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान शिमला को सौंपा है। उपायुक्त निपुण जिंदल ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हवाई अड्डे के विस्तारीकरण को लेकर सामाजिक प्रभाव आकलन की अनुमति दे दी है। टीम इस कार्य को छह महीने में पूरा करेगी। पहले विस्तारीकरण दो चरणों में होना था लेकिन अब सरकार इसको एक ही चरण में पूरा करना चाहती है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news