किन्नौर के ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात, प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के ऊपरी क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बीती रात आसरंग, नाको और मलिंग में ताजा हिमपात दर्ज किया गया, जबकि शनिवार सुबह आसरंग में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। ताजा बर्फबारी से क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है और जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।

वहीं, रामपुर, आनी और किन्नौर के निचले इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार शनिवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 10 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। 5 से 9 अप्रैल के बीच कई क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार हैं। खासतौर पर 7 और 8 अप्रैल को ओलावृष्टि को लेकर फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश के प्रमुख क्षेत्रों का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
ऊना 33.0, नेरी 27.8, नाहन 27.1, सोलन 27.0, बरठीं 26.0, कांगड़ा 25.6, मंडी 23.5, धर्मशाला 23.0, शिमला 20.4 और मनाली 15.2 दर्ज किया गया।

मौसम में आए इस बदलाव से जहां ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ी है, वहीं निचले क्षेत्रों में भी लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share the news