#कुमारी सैलजा को बनाया छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी, पीएल पुनिया का लेंगी स्थान*

big news kumari selja made in charge of chhattisgarh congress

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

6 दिसंबर 2022

 कांग्रेस ने पार्टी में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने हरियाणा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल को हरियाणा कांग्रेस का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी डॉक्टर पीएल पूनिया और हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल को पदमुक्त कर दिया गया है। इसके साथ ही राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन को भी पदमुक्त कर दिया गया है।

बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो पद यात्रा 21 दिसंबर को राजस्थान से हरियाणा में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी की हरियाणा में पदयात्रा आने से कुछ दिन पहले ही कुमारी सैलजा को कांग्रेस हाईकमान द्वारा दिया गया यह पद राजनीतिक मायने में अहम माना जा रहा है। इसके अलावा अगले साल छत्तीसगढ़ में भी विधानसभा के चुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कुमारी शैलजा अहम भूमिका में रहेंगी। सैलजा राजस्थान में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन भी रह चुकी हैं।

गौर रहे कि हाईकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के विरोध के चलते कुमारी सैलजा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाकर पूर्व विधायक उदयभान को प्रदेशाध्यक्ष बनाया था। इसके बाद से हरियाणा कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के राजनीतिक वारिस कुलदीप बिश्नोई की विदाई हो गई। बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने के बाद हरियाणा कांग्रेस में प्रभावी नेता रणदीप सुरजेवाला, किरण चौधरी और कुमारी सैलजा भी हुड्डा के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ था।

Share the news