
#खबर अभी अभी कुल्लू ब्यूरो*
18 अप्रैल 2023
जिला कुल्लू के ग्राम पंचायत बखनाओं के अप्पर काथला गांव में बीती शाम करीब आठ बजे कुत्ते पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने कमरे से रसोई घर की ओर दौड़ रहे छ: साल के बच्चे को उठा लिया, जिसकी चीख-पुकार सुनने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सभी गांव वाले इकट्ठे हुए और रातभर बच्चे को ढूंढते रहे, लेकिन अंधेरे में बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह पंचायत प्रधान बॉबी ठाकुर व वन विभाग के कर्मचारी भी खोजबीन में जुटे।
इस दौरान घर से करीब 700 मीटर दूर जंगल में बच्चे का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। प्रधान बॉबी ठाकुर ने बताया कि सोमवार देर सायं करीब आठ बजे अप्पर काथला गांव में दीतेंद्र कुमार का छोटा बेटा 6 साल का रोणित खाना खाने के लिए कमरे से किचन की ओर दौड़ा तो इसी बीच पालतू कुत्ते पर घात लगाए बैठे तेंदूए ने रोणित पर हमला बोलकर उसे उठा लिया। उसकी चीख-पुकार सुनने पर परिजनों में अफरा-तफरी फैल गई।
आज सुबह बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। तेंदूए के हमले से ग्रामीण बेहद खौफ में हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने इस घटना पर गहरा दु:ख प्रकट किया है।
#खबर अभी अभी कुल्लू ब्यूरो*





