कुल्लू: भून्तर में 40 ग्राम चिट्टा सहित युवक गिरफ्तार, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा आरोपी

कुल्लू जिला के भून्तर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 40 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 19.02.2026 को पुलिस थाना भून्तर की टीम ने विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर बड़ा भूईन स्थित एक रिहायशी मकान की भूतल मंजिल में दबिश दी। दबिश के दौरान कमरे में रह रहे किरायेदार अर्जन मसीह (21 वर्ष), पुत्र काला मसीह, निवासी वार्ड नं. 1 फॉरेस्ट चौक शमशी, डाकघर शमशी, तहसील भून्तर, जिला कुल्लू के कब्जे से 40 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।

इसके अतिरिक्त पुलिस ने मौके से ₹4,500 नकद राशि, एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन तथा एक लाईटर भी बरामद किया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना भून्तर में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, आपूर्ति स्रोत और संभावित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

जिला पुलिस कुल्लू ने दोहराया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आमजन से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।

Share the news