कुल्लू में अपराध नियंत्रण और पुलिस कर्मियों के कल्याण पर समीक्षा बैठक आयोजित

कुल्लू, जिला कुल्लू में अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विषयों पर पुलिस लाइन बाशिंग के सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने की।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान, उप पुलिस अधीक्षक शेर सिंह, राजेश कुमार एवं क्षमा दत्त सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की और उनके समयबद्ध समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही हाल ही में दर्ज आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष जोर दिया गया।

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने कहा कि जिला पुलिस अपराधों पर नियंत्रण के साथ-साथ अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Share the news