
कुल्लू: देवभूमि कुल्लू जिला में इस वर्ष पर्यटन गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। पिछले करीब साढ़े तीन महीनों में जिले में 82 हजार पर्यटक वाहनों की एंट्री दर्ज की गई है, जिससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को बड़ा लाभ मिला है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी, फरवरी और 23 मार्च तक मनाली स्थित ग्रीन टैक्स बैरियर पर 82 हजार वाहनों की एंट्री दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि जनवरी माह में हुई भारी बर्फबारी के चलते पर्यटन कारोबार ने गति पकड़ी, जिसका असर अभी भी देखने को मिल रहा है। अटल टनल रोहतांग और सोलंग वैली सहित आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचे।
इस दौरान पर्यटकों ने पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग, रिवर क्रॉसिंग, स्कीइंग, हॉर्स राइडिंग, स्नो स्कूटर और ट्यूब राइडिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।
रोहित शर्मा ने बताया कि अब समर सीजन की शुरुआत होने जा रही है, जिससे आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। इससे कुल्लू-मनाली सहित आसपास के पर्यटन स्थलों पर रौनक और बढ़ेगी तथा पर्यटन व्यवसाय से जुड़े हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि समर सीजन के दौरान कई लोग बिना अनुमति के होमस्टे, होटल व अन्य गतिविधियां शुरू कर देते हैं। ऐसे में पर्यटन विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण किया जाएगा और अवैध रूप से गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा)





