
📰 खबर अभी अभी
कुल्लू ब्यूरो | सुशांत शर्मा
कुल्लू। ग्राम पंचायत तलाडा की महिला मण्डलों एवं सहायता समूहों के प्रतिनिधि मंडल ने आज उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात कर स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध जताया। प्रतिनिधियों का कहना है कि वे गरीब परिवारों से संबंध रखते हैं और वर्तमान में लगे पुराने मीटर सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं।
महिलाओं ने बताया कि पुराने मीटरों में अब तक कोई विशेष समस्या सामने नहीं आई है, जबकि डिजिटल मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है। उनका कहना है कि अब जो स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, वे और अधिक परेशानियों का कारण बन सकते हैं।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार गांव में आय का कोई स्थायी साधन नहीं है। कई बार आर्थिक तंगी के कारण वे एक-दो महीने बाद ही बिजली का बिल एकमुश्त जमा कर पाते हैं। स्मार्ट मीटर में रीडिंग तेज होने और समय पर रिचार्ज न होने की स्थिति में अतिरिक्त शुल्क या कनेक्शन कटने की आशंका से वे चिंतित हैं।
महिला मण्डलों और सहायता समूहों ने उपायुक्त से मांग की कि पंचायत क्षेत्र में स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं और पुरानी व्यवस्था को ही जारी रखा जाए, ताकि गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग और ठेकेदार द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए तो पूरी पंचायत धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।





