केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सीआरआई में टेटनस व डिप्थीरिया वैक्सीन को किया लॉन्च

कसौली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को कसौली स्थित केंद्रीय अनुसंधान केंद्र (सीआरआई) में टेटनस व डिप्थीरिया (टीडी) की स्वदेशी वैक्सीन को लॉन्च किया। उन्होंने वैक्सीन के 15 लाख डोज बाजार में उतारने के लिए हरी झंडी दिखाई, जिसके बाद इसकी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

कार्यक्रम में शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल समेत कई गणमान्य नेता मौजूद रहे।

सीआरआई पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

कसौली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का सीआरआई कर्मचारी संघ के सदस्यों और प्रबंधन की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने अपनी विभिन्न मांगें भी स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखीं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य की दृष्टि से बड़ा कदम

इस अवसर पर नड्डा ने कहा कि स्वदेशी टीडी वैक्सीन का लॉन्च होना गर्व का विषय है। यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को मजबूती देता है।

उन्होंने बताया कि सीआरआई वर्तमान में 11 प्रकार की वैक्सीन का निर्माण कर रहा है। वर्ष 2026 में सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत सीआरआई कसौली 55 लाख टीडी डोज का योगदान देगा। साथ ही संस्थान के कार्यक्षेत्र को और विस्तार देने की बात भी कही।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त निदेशक विजय नेहरा, अतिरिक्त डीजीएचएस डॉ. पी. जोशी और सीआरआई कसौली की निदेशक डिंपल कसाना भी उपस्थित रहीं।

दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम

नड्डा ने कहा कि भारत का यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान है। इसके तहत 12 रोकी जा सकने वाली बीमारियों से बचाव के लिए 11 प्रकार की वैक्सीन दी जाती हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का कार्य अत्यंत व्यापक और महत्वपूर्ण है तथा देश वैश्विक स्तर पर दवा और वैक्सीन निर्माण में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

Share the news