
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
27 दिसंबर 2022
हिमाचल प्रदेश के नए मुख्य सचिव कौन होंगे? इस बारे में अधिकारी पहेलियां बुझा रहे हैं। 31 दिसंबर को मुख्य सचिव आरडी धीमान सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। आरडी धीमान को तत्कालीन मुख्य सचिव रामसुभग सिंह को जुलाई 2022 में हटाकर प्रदेश के शीर्ष नौकरशाह की यह नियुक्ति दी गई थी। रामसुभग सिंह को मुख्य सचिव के पद से हटाकर सरकार में प्रधान सलाहकार प्रशासनिक सुधार बनाया गया। इसके अलावा आईएएस अफसर निशा सिंह और संजय गुप्ता को भी प्रधान सलाहकार नियुक्त किया गया। निशा सिंह के पास प्रशिक्षण एवं विदेश संबंधी मामले दिए गए, जबकि संजय गुप्ता को जन शिकायत निवारण विभाग दिया गया।
यह तीनों अधिकारी आरडी धीमान से वरिष्ठ हैं। हालांकि, संजय गुप्ता उन्हीं के बैच के उनसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। मुख्य सचिव बने आरडी धीमान 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अगस्त 2021 में अनिल खाची को हटाकर रामसुभग सिंह को मुख्य सचिव, जबकि खाची को राज्य चुनाव आयुक्त बनाया गया था। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चल रहे 1988 बैच के एक अन्य अधिकारी अली रजा रिजवी भी आरडी धीमान से वरिष्ठ हैं। आरडी धीमान के बाद वरिष्ठता में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में चल रहे 1989 बैच के अधिकारी के. संजयमूर्थी हैं। उसके बाद 1990 बैच में अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना आते हैं। इनमें से किस अधिकारी को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू नया मुख्य सचिव बनाते हैं। इस पर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*


