
सोलन (कसौली): जिला सोलन के थाना कसौली के अंतर्गत गडखल क्षेत्र में चोरी हुआ एक ऑटो थ्री-व्हीलर (लोडिंग) वाहन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार FIR नंबर 14/2026 दिनांक 11-02-2026, धारा 303(2) BNS के तहत पुलिस थाना कसौली में मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 फरवरी 2026 की रात लगभग 11:00 बजे उन्होंने अपना लोडिंग ऑटो गडखल–धर्मपुर सड़क पर बस स्टॉप गडखल के पास खड़ा किया था। रात के दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति वाहन को चोरी कर ले गया। वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 93,000 रुपये बताई गई है।
मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण में दो अज्ञात व्यक्ति उक्त ऑटो को धर्मपुर की ओर ले जाते हुए दिखाई दिए।
इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। तलाश के दौरान धर्मपुर क्षेत्र के मंगोटी मोड़ के समीप सड़क किनारे संदिग्ध रगड़ के निशान पाए गए। जब पुलिस टीम ने नीचे जंगल क्षेत्र में खोजबीन की, तो सड़क से लगभग 400 फुट नीचे उक्त ऑटो थ्री-व्हीलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।





