

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
1 दिसंबर 2022
कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर चंबाघाट में बन रहे फ्लाईओवर से जून में वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इसके लिए दूसरे चरण में फोरलेन निर्माता कंपनी ने कार्य में और तेजी लाई है। अभी तक कंपनी ने फ्लाईओवर का करीब 80 फीसदी कार्य पूरा कर लिया है। फ्लाईओवर पर रेलवे क्रॉसिंग को छोड़कर अन्य जगह पर रैंप बना दिया है। जल्द ही रेलवे बोर्ड की अनुमति के बाद ट्रैक के ऊपर स्टील प्लेट डालने का कार्य शुरू होगा। इसके बाद दोनों छोर की कनेक्टीविटी फ्लाईओवर के साथ की जाएगी। इसके बाद फ्लाईओवर से वाहन आवाजाही शुरू कर देंगे और चंबाघाट में लोगों को जाम से भी छुटकारा मिल जाएगा।
हाईवे पर दूसरे चरण में चंबाघाट (सोलन) से कैथलीघाट तक दूसरे चरण में फोरलेन का निर्माण कार्य चला हुआ है। सड़क को फोरलेन में बदलने के लिए पहाड़ियों की कंटिग की जा रही है। ऐसे में लोगों को परेशानी भी आ रही है।
शहर के साथ लगते चंबाघाट में फ्लाईओवर का निर्माण जारी है। हालांकि कंपनी ने फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए नवंबर का दावा किया था लेकिन कोरोना के चलते निर्माण में देरी हो गई।
अब कंपनी ने जून 2023 में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कंपनी ने कार्य शुरू किया और अब फ्लाईओवर का 20 प्रतिशत निर्माण कार्य शेष रह गया है। इस कार्य के पूरा होने पर लोग आरामदायक सफर कर पाएंगे।
रैंप बनाने का कार्य हुआ शुरू
फ्लाईओवर के साथ कनेक्टिविटी के लिए कंपनी ने रैंप बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए इन दिनों खुदाई चली हुई है। जल्द ही यहां पर मिट्टी और प्लेट लगाकर रैंप तैयार किया जाएगा। इस कार्य को करने के लिए कंपनी को करीब तीन माह का समय लगेगा।
तेजी से चल रहा कार्य
फ्लाईओवर का निर्माण जून 2023 में पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए कंपनी तेजी से कार्य कर रही है। लोगों को निर्माण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।-ई. सुशील आहुजा, इंजीनियर, एरिफ कंपनी


