
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 मार्च 2023
विधानसभा क्षेत्र जवाली के अधीन हरसर पंचायत में एक मकान में आग लगने से मकान में रह रहे लोगों की जान मुश्किल से बची। आग लगने से हर तरफ चीखोपुकार सुनाई देने लगी। आग लगने से घर के अंदर रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। साथ ही 50 हजार रुपये की नकदी भी जल गई। लेकिन गनीमत रही कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हरसर पंचायत के निवासी विचित्र सिंह के घर में आग लग गई। आग की लपटों को देखकर घर के सभी सदस्य एकदम से जाग गए और आग बुझाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर लोग मदद के लिए पहुंचे तथा आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। आग इतनी तेज थी कि टीवी, फ्रिज, पंखा, वाशिंग मशीन, बेड, सोफे, कुर्सियां, कपड़े तथा 50 हजार रुपये नकदी जलकर राख हो गई। बड़ी मुश्किल से स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। प्रधान ममता चौधरी को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचीं प्रधान ने पटवारी कैलाश को इसकी सूचना दी है। उन्होंने भी मौके का मुआयना किया। प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता की भी मांग की है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





