
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
23 मई 2023
देश में लोकसभा चुनावों के लिए अब भाजपा ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। जिसके चलते 30 मई से लेकर जिला कुल्लू में भाजपा के द्वारा महा संपर्क अभियान चलाया जाएगा। यह महा संपर्क अभियान 30 जून तक चलेगा और केंद्र सरकार की नीतियों का भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर प्रचार करेंगे। ढालपुर में इसी महा संपर्क अभियान को लेकर जिला कुल्लू भाजपा के द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया।
जिला भाजपा कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भीम सेन शर्मा के द्वारा की गई। इस बैठक में जिला कुल्लू के चारों विधानसभा क्षेत्र से भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 30 मई से यह महा संपर्क अभियान जिला कुल्लू में शुरू किया जाएगा और 30 जून तक इसे चलाया जाएगा। इस दौरान गांव गांव जाकर भाजपा के कार्यकर्ता केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में ग्रामीणों को अवगत करवाएंगे। वहीं जगह जगह बैठक के माध्यम से भी लोकसभा चुनावों के लिए रणनीति अभी से तैयार की जाएगी।
जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सेन शर्मा ने बताया कि जिला कुल्लू भाजपा कार्यसमिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है और इसके लिए इस बैठक में सभी मंडल के अध्यक्षों व महामंत्री को निर्देश भी दिए गए हैं। लोकसभा चुनावों में फिर से भाजपा मजबूती के साथ आ सके, इसके लिए भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर भी काम करने में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की कल्याणकारी नीतियों का हिमाचल प्रदेश के लाखों लोगों को भी फायदा मिला है। ऐसे में अब एक बार फिर से जनता के सहयोग से लोकसभा चुनावों में भाजपा बहुमत में आएगी।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन






