
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
28 मई 2023

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आधे अधूरे भरे 2,408 आवेदन पत्रों को रद्द कर दिया है। यह फार्म दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलिमेंटरी एजुकेशन सत्र 2023-25 के कॉमन एंट्रेंस टेस्ट-2023 (डीएलएड-सीईटी-2023) के लिए मांगे थे। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए 27 अप्रैल से 20 मई तक विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इस परीक्षा का संचालन प्रदेश भर में स्थापित परीक्षा केंद्रों में 10 जून को होगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रवेश परीक्षा के लिए बोर्ड के पास 15,618 अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2,408 अभ्यर्थियों ने अपने अधूरे फार्म भरे हैं और फीस भी जमा नहीं करवाई है। इन आवेदन पत्रों को निर्धारित तिथि तक फीस जमा न करवाने पर बोर्ड प्रबंधन ने रद्द कर दिया गया है। रद्द किए गए फार्मों की जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





