
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
6 मई 2023

जोनल हॉस्पिटल मंडी में डेढ़ वर्ष बाद फिर हड्डियों से संबंधित सभी प्रकार के ऑपरेशन फिर से शुरू हो गए हैं। हड्डियों के ऑपरेशन के लिए सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली सी-आर्म मशीन को अस्पताल प्रबंधन ने तीन लाख रूपए खर्च करके पूरी तरह से ठीक करवा दिया है। इससे पहले यहां हड्डियों के माइनर ऑपरेशन ही हो रहे थे, जिनके लिए सी-आर्म मशीन की जरूरत नहीं पड़ती। लेकिन अब रीढ़ की हड्डी, घुटना, कंधा, कुहला, टांग, पांव, बाजू, हाथ और अन्य सभी प्रकार के मेजर ऑपरेशन यहीं पर होना फिर से शुरू हो गए हैं।
जोनल हॉस्पिटल मंडी के एमएस डॉ. डीएस वर्मा ने बताया कि मशीन को ठीक करवाने का प्रयास लंबे समय से चला हुआ था और अब इसे पूरी तरह से ठीक कर दिया गया है। हॉस्पिटल में हड्डियों से संबंधित सभी प्रकार के बड़े ऑपरेशन फिर से शुरू हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जोनल हॉस्पिटल मंडी में हाल ही में मेडिकल कॉलेज नेरचौक से नए आर्थोपैडिक्स सर्जन डॉ. वीरेंद्र नेगी ने भी ज्वाईन कर लिया है। इनके आने से अब यहां हड्डी रोग विशेषज्ञों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। लोगों को अब हड्डियों से संबंधित उपचार के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि यहीं पर ही यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। जोनल हॉस्पिटल में एनेस्थिसिया स्पेशलिस्ट के पद भी खाली चल रहे हैं लेकिन मेडिकल कॉलेज नेरचौक से डॉक्टर यहां आकर ऑपरेशन करवा रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले लोगों को हड्डियों से संबंधित ऑपरेशन के लिए या तो मेडिकल कॉलेज नेरचौक जाना पड़ता था या फिर नीजि अस्पतालों का रूख करना पड़ता था। इससे मेडिकल कॉलेज नेरचौक पर भी अधिक दबाव पड़ रहा था। लेकिन अब जोनल हॉस्पिटल में ही बहुत से लोगों के ऑपरेशन होने से लोगों को भी राहत मिलेगी और मेडिकल कॉलेज नेरचाक पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





