ढाबों पर प्रशासन का सख्त एक्शन: 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, पॉलिथीन पर भी जुर्माना

सरकाघाट,
उपमंडल सरकाघाट में प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करने वाले ढाबों और भोजनालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम के नेतृत्व में नबाही, मौहीं, फतेहपुर, पौंटा, कैंचीमोड़, ढ़लवान, प्लान मोड़ और आमला गलू में औचक निरीक्षण किया गया।

कार्रवाई के दौरान सामने आया कि कई ढाबा संचालक घरेलू गैस कनेक्शन का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए कर रहे थे, जो नियमों का उल्लंघन है। एक ही दुकान से 9 घरेलू सिलेंडर मिलने पर प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही माना। सभी सिलेंडर मौके पर जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसडीएम राजेन्द्र कुमार गौतम ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस का दुरुपयोग आम उपभोक्ताओं की आपूर्ति को प्रभावित करता है और ऐसी अनियमितताएं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने ढाबा संचालकों को तुरंत व्यावसायिक गैस कनेक्शन लेने के निर्देश दिए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

इसके अलावा निरीक्षण के दौरान एक दुकान में प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग पाए जाने पर 1000 रुपये का चालान भी किया गया। प्रशासन ने इसे पर्यावरण नियमों का उल्लंघन बताते हुए सख्त चेतावनी जारी की।

निरीक्षण दल में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक देश राज ठाकुर, एएसआई पवन कुमार और संबंधित गैस एजेंसी के प्रतिनिधि शामिल रहे।

Share the news