

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
6 दिसंबर 2022
तमिलनाडु में भारी बारिश की आंशका जताई गई है जिसके चलते राज्य में एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक तमिलनाडु में आठ दिसंबर को भारी बारिश के आसार हैं और इससे बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य में एनडीआरएफ की छह टीमें तैनात की गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, आईएमडी अलर्ट के मद्देनजर एनडीआरएफ अराक्कोनम की छह टीमों को नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरुर, कुड्डालोर, माइलादुथुराई और चेन्नई में तैनात किया गया है। इन टीमों को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने को कहा गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में सात से नौ दिसंबर तक बारिश के आसार जताए गए हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक, छह दिसंबर को तमिलनाडु व पुडुचेरी में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं सात दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। आठ दिसंबर को गरज और तूफान के साथ यहां भारी बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।





