
पंडोह : पंडोह के साथ लगती ग्राम पंचायत सियोग में घूम रहे तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगा दिया है। यह पिंजरा सियोगी नाला में उसी स्थान के आसपास लगाया गया है, जहां पर तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। बता दें कि वीरवार सुबह करीब 6 बजे ग्राम पंचायत सियोग के अंतर्गत नेशनल हाईवे के साथ सियोगी नाले में तेंदुआ घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। तेंदुआ नाले की दिशा से होते हुए गांव की ओर आया, जो कि नवोदय विद्यालय के नजदीक का क्षेत्र है। यह वीडियो क्षेत्र में काफी वायरल हुई और लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से इस पर त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई थी। वन विभाग ने भी अब यहां पिंजरा लगा दिया है। रेंज ऑफिसर पंडोह देवांशु ठाकुर ने अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की मदद से इस पिंजरे को स्थापित करवाया और लोगों से तेंदुए के पकड़े जाने तक सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग घबराएं नहीं बल्कि सतर्क रहें और रात के अंधेरे में घरों से बाहर न निकलें। वहीं, सियोग पंचायत प्रधान वीना महंत, उपप्रधान फतेह राम, राज कुमार व क्षेत्र के लोगों ने वनमंडलाधिकारी नाचन एसएस कश्यप और आरओ पंडोह देवांशु ठाकुर का पिंजरा लगाने के लिए आभार जताया है।





