थार की गलियों में पहुंची यूट्यूबर ज्योति, ग्रामीणों से किया सवाल… बॉर्डर क्रॉस करने में कितना समय लगता है

पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हिसार की यूट्यूबर ज्योति रानी मल्होत्रा की संदिग्ध गतिविधियों के नए खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि उसने भारत-पाकिस्तान सीमा के करीब राजस्थान के थार रेगिस्तान के एक गांव में रात भी बिताई थी। अपने वीडियो में उसने सीमा पर लगी फेंसिंग और दूसरी तरफ के इलाके को बारीकी से दिखाया था। ज्योति की गिरफ्तारी के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या उसकी ये सीमावर्ती यात्राएं सिर्फ घूमने-फिरने के मकसद से थीं या इसके पीछे कोई और छिपा एजेंडा था।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अब ज्योति को हिरासत में ले लिया है और उसे हिसार स्थित उसके घर ले जाकर कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं जिसके बाद उसे चंडीगढ़ ले जाया गया है। जम्मू इंटेलिजेंस भी NIA के साथ मिलकर ज्योति से पूछताछ करेगी। इससे पहले उसका इंस्टाग्राम अकाउंट भी बैन कर दिया गया है।

महिलाओं से सीमा की दूरी और रिश्तेदारों के बारे में पूछा

ज्योति का राजस्थान के थार का एक वीडियो 5 जनवरी 2024 को इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपलोड हुआ था। इस वीडियो में वह झेलून गांव में फेंसिंग के पास खड़ी होकर यह कहती हुई नजर आ रही है कि यहां से कुछ ही दूरी पर पाकिस्तानी सेना और वहां के लोग मिलेंगे। वीडियो में वह स्थानीय लोगों से मिलती है और उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनने की कोशिश करती है। उसने वहां की महिलाओं से यह भी पूछा कि यहां से पाकिस्तान कितनी दूर है? वहां उनका कौन रहता है और बॉर्डर पार करने में कितना समय लगता है?

Share the news