दिल्ली एनसीआर में चल रही शीत लहर, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए जारी किया कोहरे का अलर्ट

#खबर अभी अभी दिल्ली ब्यूरो*

07 जनवरी 2023

 

शुक्रवार को  दिल्ली के चार इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से भी कम रहा। दिल्ली के आयानगर में तो 1.8 डिग्री तापमान के साथ बर्फ जमा देने वाली सर्दी रही। दिल्ली में औसत न्यूनतम तापमान चार डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले गुरुवार को तीन डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा था।

दिल्ली में हाड़ गला देने वाली सर्दी ने लोगों को खूब परेशान किया हुआ है। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा व न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली का आयानगर इलाके में सबसे सर्द सुबह रही, यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री कम 1.8 डिग्री दर्ज हुआ। रिज में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम 3.3, लोदी रोड में 3.8 और उजवा में 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत में शुक्रवार को भी कंपकंपाने वाली सर्दी जारी रही। दिल्ली के आयानगर में तो न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 1.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। एक दिन पहले यहां पारा 2.2 डिग्री दर्ज हुआ था।
दिल्ली में औसत न्यूनतम तापमान चार डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले हफ्ते के शुरुआती तीन दिन ऐसा ही मौसम  रहेगा। उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में घने कोहरे का प्रकोप भी बना हुआ है। दिल्ली में सुबह के आसपास दृश्यता 200 मीटर से भी कम थी। करीब 26 ट्रेनें देर से चलीं। 30 उड़ानें भी कोहरे की वजह से प्रभावित हुईं। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमोत्तर भारत में शनिवार से भीषण ठंड से कुछ राहत की उम्मीद है। इसके बाद धीरे-धीरे उत्तर भारत में 12 जनवरी तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। कश्मीर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे : कश्मीर को जमा देने वाली ठंड से राहत नहीं मिली है। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। शनिवार से मौसम के करवट लेने की उम्मीद है।
जाफरपुर इलाका पूरे दिन सर्द बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 11.9 और न्यूनतम तापमान 3.9 दर्ज हुआ। वहीं घने कोहरे ने भी सुबह के समय परेशान किया अभी एक सप्ताह सुबह के समय घना कोहरा परेशान करता रहेगा। वहीं गुरुवार की तरह ही शुक्रवार को भी दिल्ली शिमला से ज्यादा ठंडी रही। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

#खबर अभी अभी दिल्ली ब्यूरो*

Share the news