दिल्ली के कई इलाकों में आज सुबह से ही बारिश की खबर है। वहीं गाजियाबाद और नोएडा में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। लोगों को उमस से भी राहत मिली गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में अगले पांच दिन तक बारिश की संभावना है। आधे घंटे की बारिश में ही सड़कों पर पानी भर गया। ऑफिस जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि पिछले एक घंटे से पूर्वी दिल्ली में तेज बारिश हो रही है। साथ ही हवा भी तेज हो गई है। दिल्ली के कई इलाकों में बिजली गर्जन के साथ हल्की बारिश हो रही है। 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। दिल्ली की बात करें तो नरेला, बवाना, अलीपुर, बुराड़ी, रोहिणी, बादिली, मॉडल टाउन, करावल नगर, आजादपुर, पीतमपुरा, दिल्ली यूनिवर्सिटी, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, पंजाबी बाग, कश्मीरी गेट, सीलमपुर, शहादरा, विवेक विहार, पटेल नगर, रेड किला, प्रीत विहार, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, आईटीओ में बारिश हो रही है।
बीते बुधवार की शाम को मौसम ने फिर करवट ली। घने काले बादलों ने डेरा डाला तो कुछ देर बाद ही कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इस दौरान तेज हवा भी चली। हालांकि, एक बार फिर उमस बढ़ गई। दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे तक औसत 000.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि डीयू में शाम 5:30 बजे तक 000.5 मिमी, मुंगेशपुर में 008.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। दोपहर में भी कुछ इलाकों में बारिश हुई।
वहीं दूसरी तरफ बात करें एनसीआर इलाके की तो यहां पर दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, लोनी देहात, हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा और दादरी में बारिश हो रही है। इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत, खरखौदा, यूपी के बड़ौत, बागपत, मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, किठौर, पिलखुवा, हापुड़ में भी बारिश हो रही है। गाजियाबाद और नोएडा में तेज बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया है। बारिश की वजह से ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह के वक्त लोग ऑफिस जाने के लिए घरों से निकल रहे हैं, लेकिन बारिश की वजह से सभी को परेशानी हो रही है।