देश के पहले प्रधानमंत्री का नाम तो कंगना ही बता सकती हैं : सीएम सुक्खू

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

10 अप्रैल 2024

CM sukhvinder Sukhu said - Jairam is doing drama to save face in elections

देश के पहले प्रधानमंत्री को लेकर मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत के पिछले दिनों दिए बयान पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चुटकी ली है। सीएम सुक्खू ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री कौन थे यह तो कंगना रणौत ही बता सकती हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर हमलावर मुख्यमंत्री सुक्खू ने सर्किट हाउस हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव में नाक बचाने के लिए जयराम नौटंकी पर उतर आए हैं। सत्ता की भूख पूरी न होने पर बिके हुए विधायकों को साथ लेकर पूर्व मुख्यमंत्री धूमल के पांव पकड़कर आशीर्वाद ले रहे हैं। जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री रहते हमीरपुर जिला की याद नहीं आई। मुख्यमंत्री बनने पर वह समीरपुर में नहीं पहुंचे। अब उनको हमीरपुर की याद आ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर जिले के विधायकों को भाजपा सरकार में जयराम से मिलने का समय नहीं मिलता था। 15 साल पूर्व जिस बस स्टैंड का शिलान्यास किया गया था, उसका काम कांग्रेस सरकार ने शुरू किया। बड़सर से भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कोई नई नवेली दुल्हन बन रहा है। यह सारी नौटंकी जयराम ठाकुर चुनाव में नाक बचाने के लिए कर रहे हैं। 1 जून को जनता तय कर देगी कि उन्हें बिकने वाले विधायक चाहिए या फिर ईमानदार। प्रत्याशियों के नाम के एलान में देरी के सवाल पर सीएम सुक्खू ने कहा कि चुनाव में अभी 50 दिन हैं, जल्द ईमानदार और स्वच्छ छवि के प्रत्याशी चुनाव में उतारे जाएंगे।

Share the news