
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
30 जुलाई 2023
देहरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भेज दिया है। साथ ही उन्होंने अपने इस्तीफे की एक-एक प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पार्टी कोषाध्यक्ष डाॅ. राजेश शर्मा को भी भेजी है। उन्होंने अपने इस्तीफे को तत्काल स्वीकार करने का आग्रह किया है।
चर्चा है कि अपनी ही सरकार में वह स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। विधानसभा चुनाव में पार्टी टिकट के दावेदार थे, लेकिन हाईकमान ने डाॅ. राजेश शर्मा को पार्टी टिकट दिया था। उस समय आश्वासन दिया गया था कि सरकार बनने पर उन्हें सम्मानजनक पद दिया जाएगा, लेकिन देहरा हलके से सरकार ने दो कांग्रेस नेताओं सुनील कश्यप को केसीसी बैंक और पुष्पेंद्र ठाकुर खाद्य आपूर्ति विभाग का निदेशक बना दिए जाने के बाद और उन्हें कोई पद नहीं दिए जाने से वह काफी आहत दिख रहे थे। साथ ही कुछ माह पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के देहरा दौरे के दौरान हरिपुर में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने संबोधन के दौरान ब्लाॅक अध्यक्ष हरिओम शर्मा का नाम नहीं लिया था। इसकी भी काफी चर्चा रही थी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम शर्मा पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर समर्थक माने जाते हैं।
बताया जा रहा है कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद वह मानकर चल रहे थे कि सरकार उन्हें सम्मानजनक पद देगी, लेकिन आठ माह बीत जाने के बाद उन्हें सरकार में किसी भी सम्मानजनक पद से नहीं नवाजा गया। जिससे वह काफी खिन्न नजर आ रहे थे। डम्मी अध्यक्ष के तौर पर नहीं रहना चाहते हरिओम शर्मा कहा कहना है कि वह डम्मी अध्यक्ष के तौर पर नहीं रहना चाहते हैं। जनसभा में सीएम की ओर से नाम नहीं लिए जाने पर उन्होंने कहा कि कहां राजा भोज और कहां गंगू तेली। हो सकता है कि वह छोटे कार्यकर्ता का नाम लेना भूल हों। उन्हें किसी भी पद की चाह नहीं है। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया है। विश्वास है कि उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया जाएगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
30 जुलाई 2023


