# नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य ने ली पद और गोपनीयता की शपथ |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

10 मई 2023

जिला परिषद ऊना के वार्ड 17 भंजाल से हाल ही में आयोजित उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया को बुधवार को एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर के ही कार्यालय में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बलवीर बग्गा समेत तमाम भाजपा नेताओं और सुशील कालिया के समर्थकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि जिला परिषद के उपचुनाव में सुशील कालिया ने जीत दर्ज की है जिसके चलते उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह और अन्य औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद सुशील कालिया बतौर जिला परिषद सदस्य कामकाज सुचारू रूप से कर सकेंगे।

वहीं, नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया रहती है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय 5 सालों में तेज गति से विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया गया किंतु शेष बचे कार्यों को सिरे चढ़ा कर जिला परिषद वार्ड की जनता को लाभ पहुंचाना उनका प्राथमिक उद्देश्य रहेगा। उन्होंने कहा कि वह अपने मतदाताओं की कसौटी पर खरा उतरने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news