
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
16 मई 2023
विशेष न्यायाधीश दविंद्र कुमार की अदालत ने मंगलवार को पॉक्सो एक्ट के मामले में दोषी को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने 5,000 रुपये का जुर्माना भरने के भी आदेश दिए हैं। जुर्माना नहीं भरने पर आरोपी को एक साल की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। आईपीसी की धारा 506 के तहत आरोपी को एक साल के कारावास और 1,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। जुर्माना नहीं देने पर तीन माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी। जिला न्यायवादी एनएस चौहान ने बताया कि छह मई 2017 को पीड़िता ने एसएचओ थाना केलांग को मामले की शिकायत दी
आरोप लगाया गया कि आरोपी ने उसका यौन उत्पीड़न तब से शुरू किया जब वह आठवीं कक्षा में पढ़ रही थी। तब उसकी आयु 16 साल से कम थी। आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि वह इसके बारे में किसी और कुछ बताएगी तो वह उसे जान से मार देगा। पुलिस ने आईपीसी की धारा 376, 506 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत केस दर्ज किया। विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया। कोर्ट ने अभियोजन पक्ष के साथ-साथ बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद आरोपी छेरिंग तोबदान को दोषी करार दिया और 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। मामले में 22 गवाह पेश किए गए।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





