

खबर अभी अभी
(अमीषा शिमला)
शिमला, 10 अप्रैल।
जिला शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए नारकंडा क्षेत्र में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9.28 किलोग्राम अफीम तथा ₹12 लाख नकद राशि बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम को 10 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि तीन नेपाली मूल के व्यक्ति एक वाहन में अवैध रूप से अफीम लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नारकंडा में नाकाबंदी कर एक इनोवा वाहन को जांच के लिए रोका।
वाहन की तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अफीम और नकदी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एन बहादुर उर्फ राजू (41), चक्रा बहादुर (25) और मोहन साही (44) के रूप में हुई है, जो नेपाल के निवासी हैं।
इस संबंध में पुलिस थाना कुमारसैन में अभियोग संख्या 27/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।





