
ख़बर अभी अभी नालागढ़ (सोलन) ब्यूरो
25 मई 2024
लोकसभा चुनाव के सुचारु संचालन व मतदान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान कर्मियों की दूसरी रिहर्सल शुक्रवार को हुई। यह रिहर्सल राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में संपन्न हुई। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी दिव्यांशु सिंगल ने की। उन्होंने उपस्थित सभी मतदान कर्मियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के सुचारू संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित मतदान कर्मियों को रिहर्सल के दौरान सिखाई गई प्रक्रिया को ठीक से समझने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रशिक्षक कश्मीरी लाल ठाकुर ने मतदान कर्मियों को ईवीएम के संचालन की जानकारी दी तथा मतदान कर्मियों की ओर से पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया। नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की दूसरे चरण की रिहर्सल में 582 मतदान कर्मियों ने भाग लिया। इस अवसर पर तहसीलदार निशा आजाद, नायब तहसीलदार इंद्रदेव शर्मा, नायब तहसीलदार निर्वाचन गोपीचंद डोगरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।





