नाहन में भ्रमण पर निकले भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धार्मिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की बनी गवाह

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

26 जून 2023

Muslims offered fruit in bhagwan jagannath rath yatra at Nahan Sirmour

ऐतिहासिक शहर नाहन में रविवार को भ्रमण पर निकले भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धार्मिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की गवाह बनी। रथयात्रा में हिंदु, मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ऐतिहासिक चौगान मैदान से माल रोड, गुन्नूघाट होते हुए पक्का टैंक के समीप पहुंचते ही मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रथयात्रा का जोरदार स्वागत किया। यहां भगवान जगन्नाथ को फलों का प्रसाद भेंट किया।

इस दौरान अंजुमन इस्लामिया सोसायटी नाहन के प्रधान बॉबी अहमद ने भगवान जगन्नाथ के जयकारे भी लगाए। यहां घंटों मुस्लिम समुदाय के लोग रथयात्रा के स्वागत के लिए जुटे रहे। श्रद्धालुओं के लिए मीठे पानी (शरबत) की सेवा की गई। इसके साथ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भगवान जगन्नाथ के रथ को भी खींचा

पक्का टैंक में अंजुमन इस्लामिया सोसायटी के प्रधान बॉबी अहमद, मुस्लिम सोसायटी नाहन के अध्यक्ष कैप्टन सलीम अहमद, अधिवक्ता शकील अहमद समेत मुस्लिम नवयुवक सोसायटी के कई पदाधिकारी और सदस्य स्वागत के लिए मौजूद रहे। इसके बाद कच्चा टैंक स्थित जामा मस्जिद के समीप भी रथयात्रा का स्वागत किया गया। अंजुमन इस्लामिया सोसायटी के प्रधान बॉबी अहमद और कैप्टन सलीम अहमद ने बताया कि ये काफी मुबारक दिन है।

हर साल समुदाय के लोग रथयात्रा का हिस्सा बनते आए हैं। नाहन शहर सदियों से आपसी भाईचारे का संदेश देता आया है। यहां सभी समुदाय के लोग एक-दूसरे के धार्मिक समेत अन्य आयोजनों में एकसाथ शिरकत करते आ रहे हैं। वहीं, भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा मंडल नाहन के अध्यक्ष प्रकाश बंसल ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को पटका और टोपी पहनाकर सम्मान दिया।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news