निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के ऊपर जाने वाली 132 केवी की बिजली टावर लाइन होगी भूमिगत

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

14 मई 2023

डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन अस्पताल के ऊपर से गुजरने वाली 132 केवी की बिजली टावर लाइन को शीघ्र ही भूमिगत किया जाएगा। निर्माणाधीन अस्पताल और दूसरे चरण के निर्माण के लिए जंदली गुजरां में ली गई भूमि के बीच में, अणु से चौहाल होशियारपुर पंजाब के लिए जाने वाली बिजली आपूर्ति के लिए स्थापित टावरों पर लगी तारों को पंजाब बिजली बोर्ड शीघ्र ही या तो भूमिगत या फिर दूसरी जगह के लिए टावरों को शिफ्ट कर सकता है। इसके लिए बकायदा पंजाब बिजली बोर्ड और हिमाचल बिजली बोर्ड की टीमों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन की मौजूदगी में संयुक्त निरीक्षण भी किया है। निरीक्षण के दौरान राजस्व रिकॉर्ड की भी जांच मौके पर की गई और समस्या का समाधान निकालने के लिए योजना के प्रारूप को लेकर चर्चा भी गई है। नायब तहसीलदार कांगू बलवंत सिंह ने कहा कि एसडीएम नादौन के आदेशानुसार मौके का निरीक्षण किया गया। मेडिकल कॉलेज के लिए बनने वाले अस्पताल के ऊपर से पंजाब बिजली बोर्ड की एक बड़ी टावर लाइन जाती है।

इसको अस्पताल के ऊपर से शिफ्ट करने के लिए पंजाब बिजली बोर्ड के अधिकारी और प्रदेश बिजली बोर्ड के सहयोग से संयुक्त टीम के रूप में और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर आए। उन्होंने संयुक्त निरीक्षण के दौरान जंदली गुजरां और टीका थाईं में वर्षों पुराने स्थापित टावरों के बीच में आने वाली जगह का निरीक्षण किया और मौके पर ही राजस्व रिकॉर्ड को भी जांचा गया। उन्होंने कहा कि दो टावरों के बीच में राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार आने वाली अधिकतर जमीन वैसे तो सरकारी ही है, लेकिन चार के करीब निजी भूमि मालिकों की भूमि भी इसके तहत आ सकती है। इसलिए लाइन शिफ्ट करने की योजना के तहत आने वाले भूमि मालिकों से शीघ्र ही सहमति लेने के लिए अधिकारियों के माध्यम से बात की जाएगी। इसके लिए एसडीएम नादौन को भी सूचित कर दिया जाएगा। ताकि आदेश मिलते ही इनसे बात की जा सके।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news