# पहले शमशानघाट को करना पड़ा साफ # फिर कर सके अंतिम संस्कार |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

11 मई 2023

गोहर उपमंडल की चैलचौक पंचायत के शमशानघाट पर यदि किसी शव को जलाना हो तो पहले यहां पूरे शमशानघाट की सफाई के लिए घंटों पसीना बहाना पड़ता है और फिर उसके बाद जाकर शव जलाने की प्रक्रिया शुरू हो पाती है। दरअसल इस शमशानघाट पर जरा सी बारिश से इतना ज्यादा कीचड़ जमा हो जाता है, जिसके बाद यहां पांव रखने के लिए जगह नहीं बचती।

आज उस वक्त लोगों का पंचायत पर गुस्सा फूट पड़ा जब शव जलाने के लिए पहुंचे लेकिन यहां मौजूद कीचड़ को देखकर आक्रोशित हो गए। शव जलाने आए लोगों में रमेश कुमार, गुरदयाल, राजू राम, मनोज कुमार, चमन शर्मा, संजीव कुमार, शशि कुमार, घनश्याम, संजय कुमार, राम सिंह, चमन आदि ने अपना रोष व्याप्त करते हुए बताया कि यह शमशानघाट 7 पंचायतों को कवर करता है। लेकिन चैलचौक पंचायत इसे व्यवस्थित रखने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है। इन्होंने पंचायत से मांग उठाई है कि भविष्य में इस अव्यवस्था को पूरी तरह से सुधारा जाए।

लोगों के विरोध को देखते हुए चैलचौक पंचायत की प्रधाान इंद्रा देवी को खुद मौके पर आकर लोगों को शांत करवाना पड़ा। उन्होंने माना कि शमशानघाट पर अव्यवस्था है और यहां पानी की पाईप गलत ढंग से डालने के कारण कीचड़ पसर रहा है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि भविष्य में इस अव्यवस्था को पूरी तरह से सुधारा जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news