
मंडी,
जिला मंडी के पुँघ क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए 4 किलो से अधिक चरस बरामद की है। पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार (HR05AJ8426) को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार की डिकी से 4 किलो 32 ग्राम चरस बरामद हुई।
कार में सवार दो युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान विन्नी (32 वर्ष), निवासी पटियाला, और निखिल (23 वर्ष), निवासी बहादुरगढ़ (पटियाला) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चरस को डिकी में छिपाकर ले जा रहे थे ताकि नाकाबंदी से बच सकें, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी चाल नाकाम हो गई।
यह कार्रवाई SI दौलत राम के नेतृत्व में की गई, जिसमें HC हंसराज, कॉन्स्टेबल कुलदीप और कॉन्स्टेबल सतीश भी शामिल रहे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।





