प्रतिभा सिंह को अध्यक्ष पद से हटाने के लिए कांग्रेस विधायकों ने हाईकमान को भेजा पत्र

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

22 मार्च 2024

Congress MLAs sent letter to high command to remove Pratibha Singh from the post of President

सांसद प्रतिभा सिंह को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने को पार्टी विधायकों ने हाईकमान को पत्र भेजा है। कांग्रेस विधायकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित सोनिया गांधी और राहुल गांधी से प्रतिभा सिंह की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत की है। सूत्रों के अनुसार शिकायत पत्र में प्रतिभा सिंह के मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने से इन्कार करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने को लेकर दिए बयानों का हवाला दिया गया है।

पत्र भेजने वाले विधायकों की संख्या 30 के आसपास बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार शिकायत पत्र में लिखा गया है कि वर्तमान राजनीतिक हालात में प्रतिभा सिंह के हाथ में प्रदेश कांग्रेस की कमान रहने से पार्टी को लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में नुकसान होगा। इसमें हिमाचल में सरकार और संगठन की मजबूती के लिए प्रतिभा की जगह जल्द नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की वकालत भी की गई है। सूत्रों के मुताबिक विधायकों का मत है कि प्रतिभा की ओर से बुधवार को दिल्ली से शिमला लौटकर की गई प्रेसवार्ता से पार्टी के काडर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
पर्यवेक्षकों ने बयानबाजी से मना किया है तो ऐसा बयान क्यों
सांसद का यह कहना कि वर्कर निराश हैं और चुनाव प्रचार के लिए सक्रिय कार्यकर्ता नहीं मिल रहे हैं, इससे देश और प्रदेश की राजनीति में गलत संदेश गया है। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह की ओर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।  सूत्रों के अनुसार विधायकों ने लिखा कि संगठन और सरकार में समन्वय स्थापित करने के लिए जब समिति गठित कर दी गई है तो नाराजगी को अब सार्वजनिक क्यों किया जा रहा है।
पार्टी पर्यवेक्षक कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने जब शिमला आकर प्रेस में पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाली बयानबाजी करने से सभी नेताओं को गुरेज करने के निर्देश दिए थे तो सांसद ने ऐसा क्यों किया। विधायकों के अनुसार अगर लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को जीत दिलानी है तो नया प्रदेश अध्यक्ष जल्द नियुक्त करना होगा।
ये कहा था प्रतिभा सिंह ने
उल्लेखनीय है कि दिल्ली से लौटने के बाद प्रतिभा सिंह ने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का एलान करते हुए कहा था कि संगठन के सक्रिय कार्यकर्ताओं और  पदाधिकारियों की अगर सरकार में समय पर नियुक्तियां होतीं, तो ठीक होता। ऐसा नहीं होने के चलते अब चुनाव मैदान में सक्रिय कार्यकर्ता नहीं मिल रहे हैं। मैंने अपने कार्यकाल में सिर्फ एमपी फंड ही बांटा है। इतने काम से चुनाव नहीं जीता जाता। पार्टी वर्कर भी निराश हो गए हैं।

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

Share the news